अपना श्हरप्रदेश

मप्र जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित; उपाध्यक्ष  नागर ने दिया जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

मप्र जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित; उपाध्यक्ष  नागर ने दिया जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला देवास द्वारा संवाद योजना अंतर्गत जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष पद्मश्री  मोहन नागर की उपस्थिति में नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम मध्यप्रदेश जिला पंचायत सभाकक्ष में किया गया।  बैठक में विकासखंड समन्वयकों द्वारा पीपीटी के माध्यम से जिले में जन अभियान परिषद एवं नवांकुर संस्थाओं द्वारा संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया एवं जल संरक्षण, जल गंगा संवर्धन, एक पेड़ मां के नाम, नवांकुर सखी, तिरंगा यात्रा, शक्ति संचय प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, माटी गणेश, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों के प्रवेश तथा विभिन्न महापुरुषों की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष  मोहन नागर ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की स्थापना, उसके उद्देश्यों एवं गठन की पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से परिषद की कार्यप्रणाली एवं समाज में उसकी भूमिका को समझाया। उन्होंने प्रस्फुटन समितियों के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने, समितियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने तथा ग्राम स्तर पर जनहितैषी गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान पद्मश्री  नागर ने नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने प्रत्येक नवांकुर संस्था को समाज में सकारात्मक परिवर्तन एवं जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पांच प्रमुख कार्यों को प्राथमिकता से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक संस्था को अपने क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित एक सफलता की कहानी तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं (NGO) के पंजीयन, उनकी कार्यप्रणाली एवं सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने संस्थाओं को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं परिषद की गतिविधियों का लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अशासकीय सदस्य अजीता परमार, उज्जैन संभाग समन्वयक  शिवप्रसाद मालवीय, राज्य आनंद संस्थान से डॉ. समीरा नईम एवं जिला समन्वयक डॉ. सुप्रीती यादव सहित अन्‍य संबंधित उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button