
गर्भपात एवं भ्रूण लिंग परीक्षण के चर्चित प्रकरण में दो महिला आरोपी आरोपमुक्त
चारु इस्मिता तिवारी और शरीफा उर्फ पिंकी शेख को न्यायालय से राहत, एडवोकेट श्वेतांगराज शुक्ला ने की प्रभावी पैरवी
देवास। जिले के चर्चित गर्भपात एवं भ्रूण लिंग परीक्षण से जुड़े प्रकरण में न्यायालय ने महत्वपूर्ण आदेश पारित करते हुए दोनों महिला आरोपियों को आरोपमुक्त (डिस्चार्ज) कर दिया है। मामले में आरोपी चारु इस्मिता तिवारी पत्नी विजय कुलकर्णी एवं शरीफा उर्फ पिंकी शेख पत्नी जावेद शेख को न्यायालय से आरोपमुक्ति मिली है।
प्राप्त न्यायालयीन रिकॉर्ड के अनुसार, यह प्रकरण थाना कोतवाली देवास में दर्ज FIR क्रमांक 198/2026 से संबंधित है। मामले में मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी एक्ट 1971 की धारा 5(2), भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 3(5) तथा PCPNDT एक्ट 1994 की धारा 23(1) एवं 25 के तहत प्रकरण दर्ज था।
प्रकरण की सुनवाई द्वितीय अतिरिक्त न्यायाधीश एवं प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में हुई। न्यायालयीन रिकॉर्ड में प्रकरण का निराकरण ‘Contested–Discharged’ दर्ज है, जिसके तहत दोनों महिला आरोपियों को आरोपमुक्त किया गया।
इस प्रकरण में एडवोकेट श्वेतांगराज शुक्ला द्वारा आरोपियों की ओर से प्रभावी पैरवी की गई। न्यायालय के इस आदेश के बाद दोनों महिला आरोपियों को बड़ी राहत मिली है।
देवास के इस चर्चित प्रकरण में न्यायालय द्वारा पारित आरोपमुक्ति का आदेश अब कानूनी और न्यायिक दृष्टि से चर्चा का विषय बन गया है।



