
अमलतास मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
देवास। अमलतास मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, देवास में न्यायोत्सव एवं विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश नरेंद्र पटेल सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम का आगमन हुआ।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी देवास दिलीप सिंह मुजाल्दा, डिप्टी डिफेंस काउंसिल त्रिलोक पाटीदार तथा असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल अर्शिल खान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन मयंक हॉल में किया गया, जिसमें अमलतास स्पेशल स्कूल के बच्चों एवं नशामुक्ति केंद्र से उपचार के पश्चात स्वस्थ हुए मरीजों ने अपनी शानदार एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने उपस्थित लोगों को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति को कानूनी सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क किया जा सकता है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं उचित कानूनी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
अतिथियों ने महत्वपूर्ण टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए सभी से इन्हें अपने पास सुरक्षित रखने की अपील की।
15100 निःशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी मार्गदर्शन के लिए।
1930 साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराने के लिए।
उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या अथवा साइबर अपराध की स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।
इस अवसर पर अमलतास स्पेशल स्कूल की गतिविधियों एवं बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी अतिथियों को दी गई। बताया गया कि स्पेशल स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक ट्रेनिंग भी प्रदान की जाती है। इसके अंतर्गत बच्चे आकर्षक बुके, सजावटी सामग्री एवं विभिन्न प्रकार के गिफ्ट आइटम तैयार करते हैं, जिनका विक्रय भी किया जाता है। इन उत्पादों की बिक्री से प्राप्त होने वाले मुनाफे की राशि बच्चों के व्यक्तिगत बैंक खातों में भी हस्तांतरित की जाती है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं आर्थिक स्वावलंबन की भावना विकसित करना है, ताकि भविष्य में वे अपनी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ सकें। अतिथियों ने स्पेशल स्कूल की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का स्वागत अमलतास अस्पताल के निदेशक प्रशासन डॉ. प्रशांत ने किया। इस अवसर पर स्पेशल स्कूल की प्राचार्य डॉ. भारती, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती कविता देशमुख तथा नितिन बेक एवं अपूर्वा साहा, मार्केटिंग डायरेक्टर अश्विन तंवर , एवं कमलेश सेंधव भी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम अमलतास अस्पताल के लिए एक नई एवं महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत है। इसके माध्यम से अब अस्पताल में उपचार के साथ-साथ मरीजों, उनके परिजनों, विशेष बच्चों एवं उनके अभिभावकों को विधिक अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की जा सकेगी। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें संबंधित प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर अमलतास ग्रुप के चेयरमैन सुरेश सिंह भदोरिया जी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाने के इस सराहनीय प्रयास के लिए सभी अतिथियों एवं विधिक सेवा टीम का हार्दिक धन्यवाद किया।




