
रात के अंधेरे में धरती का सीना छलनी आनंदपुर डुंगरिया-राबड़िया के बीच मुरम का कथित अवैध उत्खनन, रोजाना 40 से 50 डंपरों से परिवहन का आरोप
करीब एक माह से चल रहा कथित अवैध कारोबार, मीडिया को देखते ही पोकलेन मशीन लेकर भागे उत्खननकर्ता, खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
देवास। शहर के नजदीक आनंदपुर डुंगरिया और राबड़िया के बीच मुरम के कथित अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के अनुसार, पिछले करीब एक माह से रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर मुरम की खुदाई और परिवहन किया जा रहा है। आरोप है कि प्रतिदिन करीब 40 से 50 डंपरों के माध्यम से मुरम का परिवहन किया जा रहा है। यदि यह आंकड़ा सही है तो यह मामला केवल अवैध उत्खनन तक सीमित नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर चल रहे खनिज परिवहन के नेटवर्क की ओर भी इशारा करता है।
हैरानी की बात यह है कि देवास शहर के इतने नजदीक कथित तौर पर लंबे समय से यह गतिविधियां जारी हैं, लेकिन खनिज विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर रात के अंधेरे में इतनी बड़ी संख्या में डंपरों का आवागमन किसकी जानकारी में हो रहा है? क्या संबंधित विभाग को इसकी भनक तक नहीं है या फिर निगरानी व्यवस्था में कहीं बड़ी चूक हो रही है? मामले की पड़ताल के दौरान जब मीडिया की टीम आनंदपुर डुंगरिया क्षेत्र में पहुंची तो मौके पर पोकलेन मशीन से मुरम उत्खनन की गतिविधि सामने आई। बताया जा रहा है कि मीडिया को देखते ही पोकलेन मशीन लेकर मौके पर मौजूद लोग वहां से रवाना हो गए। इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में निकाली जा रही मुरम कहां पहुंचाई जा रही है? किन लोगों द्वारा इसका उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है? क्या इसके लिए खनिज विभाग से वैध अनुमति ली गई है? यदि अनुमति नहीं है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? आनंदपुर डुंगरिया और राबड़िया के बीच उत्खनन स्थल की जांच, पिछले एक माह के दौरान हुए खनिज परिवहन का रिकॉर्ड, रात के समय चलने वाले डंपरों की संख्या, रॉयल्टी और अनुमति संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन तथा इस पूरे मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाना आवश्यक है। अब देखना यह होगा कि खनिज विभाग इस मामले को गंभीरता से लेकर मौके पर जांच और कार्रवाई करता है या फिर शहर के करीब कथित अवैध उत्खनन का यह खेल इसी तरह रात के अंधेरे में चलता रहेगा।




