अपना श्हरप्रदेश

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 13 प्रतिष्ठानों से लिए 27 सैंपल: दूध उत्पाद, मावा निर्माण स्थल व डेरियों पर दबिश; रैपिड किट से मौके पर की गई जांच

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 13 प्रतिष्ठानों से लिए 27 सैंपल: दूध उत्पाद, मावा निर्माण स्थल व डेरियों पर दबिश; रैपिड किट से मौके पर की गई जांच
आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम नागरिकों को शुद्ध एवं मिलावट रहित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग के विशेष जांच दलों ने जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाकर 13 प्रतिष्ठानों से दूध, मावा, घी, तेल व मिठाइयों के कुल 27 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए हैं। इन सभी सैंपलों को विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
त्योहारों के दृष्टिगत शनिवार को दुग्ध संकलन एवं शीत केंद्रों (चिलिंग सेंटर) पर विशेष जांच की गई। इस दौरान मौके पर ही आधुनिक रैपिड किट के जरिए दूध में यूरिया, स्टार्च, नमक, सुक्रोज, ग्लूकोज और माल्टोडेक्सट्रीन जैसे संभावित मिलावटी तत्वों की त्वरित जांच की गई। दल ने भौंरासा में टोल टैक्स के पास बीएमसी मिल्क पॉइंट संचालक गजेंद्र सिंह के प्रतिष्ठान, सोनकच्छ के नेवरी फाटा स्थित यादव मिल्क सेंटर संचालक दौलत यादव के केंद्र तथा भौंरासा स्थित दीनदयाल गजभिये के चिलिंग सेंटर के टैंक व परिसर में खड़े टैंकर से दूध के नमूने लिए। यद्यपि रैपिड किट की प्राथमिक जांच में मिलावट नहीं पाई गई, फिर भी पूर्ण संतुष्टि एवं विस्तृत परीक्षण के लिए संदेह के आधार पर इन सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। इनमें केंद्रीय लाइसेंसधारी फर्मों की विस्तृत जांच सक्षम केंद्रीय प्राधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
इससे पहले जांच दल ने गुरुवार और शुक्रवार को शहर एवं ग्रामीण अंचलों के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण भी किया। इस दौरान देवास शहर के जामगोद स्थित फर्म प्यूरा व्हाइट डेयरी से मावा, बटर एवं घी तथा बिलावली बायपास चौराहे पर स्थित  सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट से मिल्क केक व मावा कतली के नमूने लिए गए। ग्राम क्षिप्रा स्थित फर्म श्यामा डेयरी से मावा एवं मावा कतली लूज, ग्राम डबलचौकी स्थित नैवेद्यम रेस्टोरेंट से मलाई बर्फी तथा मां बिजासनी ट्रेडर्स से घी, नमकीन व सेव के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। इसी प्रकार तहसील कन्नौद में फर्म कच्छावा किराना से बेसन व पुष्प ब्रांड चायपत्ती, फर्म राजस्थान कार्नर से बेसन, मिक्चर, गुलाब जामुन, मावा पेड़ा व जलेबी के नमूने लिए गए। वहीं अजनास स्थित फर्म सिंगाजी दूध डेयरी और पीपलकोटा स्थित फर्म कान्हा दूध डेयरी से दूध तथा ग्राम अकबरपुर स्थित फर्म घनश्याम ट्रेडर्स से गोयल फिल्टर्ड मूंगफली तेल, माधुरी रिफाइंड सोयाबीन तेल, आपूर्ति चाय एवं रोस्टेड चना के नमूने जांच के लिए लिए गए। प्रयोगशाला रिपोर्ट में अमानक अथवा मिलावटी पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस व्यापक जांच कार्रवाई में अभिहित अधिकारी  निर्मला सोमकुंवर के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी  सुरेन्द्र ठाकुर,  हिमाली सोनपाटकी एवं  कैलाश वास्केल सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button