
सिविल लाइन पुलिस ने चोरी की वारदात का किया खुलासा, अवैध खटकेदार धारदार चाकू सहित आरोपी गिरफ्तार
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के जयबजरंग नगर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा, 01 आरोपी गिरफ्तार। सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी को किया चिन्हित, अलकापुरी अंडरब्रिज के पास से गिरफ्तार।आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ₹30,000 नगदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड एवं दस्तावेज सहित संपूर्ण संपत्ति बरामद।आरोपी के कब्जे से अवैध खटकेदार धारदार चाकू जप्त, माननीय न्यायालय में पेश कर भेजा जेल।संक्षिप्त विवरण पुलिस अधीक्षक देवास आदित्य मिश्रा के निर्देशन में जिले में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा चोरी गई संपत्ति की बरामदगी हेतु लगातार कार्यवाही की जा रही है।इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए 01 आरोपी को अवैध खटकेदार धारदार चाकू सहित गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
थाना सिविल लाइन क्षेत्रांतर्गत जयबजरंग नगर निवासी फरियादी मनोहर झलके पिता भीमराव झलके उम्र 61 वर्ष के घर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 622/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए गए। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्ध व्यक्ति अलकापुरी अंडरब्रिज के पास मौजूद है, जिसके द्वारा किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर राहगीर पंचों की उपस्थिति में संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक अवैध लोहे का खटकेदार धारदार चाकू बरामद हुआ।संदिग्ध व्यक्ति से विस्तृत पूछताछ करने पर उसने जयबजरंग नगर स्थित मकान में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ₹30,000 नगदी, सैमसंग कंपनी का M11 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड एवं आवश्यक दस्तावेज सहित संपूर्ण चोरी गई संपत्ति बरामद की गई।पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध खटकेदार धारदार चाकू एवं चोरी की संपत्ति को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।गिरफ्तार आरोपी का विवरण
1. अमित कुमार रेयकवार पिता दुर्गाप्रसाद रेयकवार उम्र 42 वर्ष निवासी चाणक्यपुरी मल्टी, देवास।
जप्त संपत्ति का विवरण
1. नगदी ₹30,000
2. सैमसंग कंपनी का M11 मोबाइल फोन।
3. एटीएम कार्ड एवं आवश्यक दस्तावेज।
4. एक अवैध लोहे का खटकेदार धारदार चाकू।
सराहनीय कार्य उक्त सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक विजय सिंह लोधी, उपनिरीक्षक संजय सौराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश पाल, प्रधान आरक्षक 861 पवन पटेल, आरक्षक 597 नंदकिशोर मीणा एवं आरक्षक 559 अरुण चावड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



