
स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम आने पर देवास में ‘दीपावली मिलन एवं स्वच्छता सम्मान समारोह
कलेक्टर मीना की सराहनीय पहल: महापौर, कलेक्टर और निगम आयुक्त ने सफाई मित्रों के साथ बैठकर किया भोजन
विधायक गायत्री राजे पवार के मुख्य आतिथ्य और महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल की अध्यक्षता में हुआ सम्मान
जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और जनता एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो असंभव भी संभव हो जाता है विधायक गायत्री राजे पवार
स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक कीर्तिमान रचते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वर्ग में संपूर्ण देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने के उपलक्ष्य में नगर निगम देवास द्वारा स्थानीय मंडी धर्मशाला में भव्य ‘दीपावली मिलन एवं स्वच्छता सम्मान-2026’ समारोह आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए 11 नवंबर को नई दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देवास को सम्मानित किया गया था। समारोह की सबसे आत्मीय और प्रेरक झलक तब देखने को मिली जब महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, कलेक्टर नेहा मीना एवं नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने मंडी धर्मशाला में सैकड़ों सफाई कर्मियों एवं सफाई मित्रों के साथ एक ही पंक्ति में बैठकर स्नेहभोज किया और उनसे आत्मीय चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गायत्री राजे पवार उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने की। विशेष अतिथि के रूप में नगर निगम सभापति रवि जैन, विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, कलेक्टर नेहा मीना, निगम आयुक्त दलीप कुमार, मंचासीन रहे। कार्यक्रम में शहर को देश में नंबर-1 बनाने में दिन-रात जुटने वाले सफाई मित्रों के साथ-साथ रहवासी संघों, सहयोगी संस्थाओं, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडरों तथा निगम अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक गायत्री राजे पवार ने देवास की समस्त जनता, सफाई मित्रों, नगर निगम परिवार और सहयोगी संस्थाओं को हृदय से बधाई देते हुए कहा कि देवास का देश में प्रथम आना यह साबित करता है कि जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और जनता एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो असंभव भी संभव हो जाता है; यह सम्मान हर देवास वासी का सम्मान है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 3 लाख देवास वासियों की सामूहिक जीत है, क्योंकि हमारे सफाई मित्रों ने सुबह 5 बजे से रात तक मेहनत की है, महिलाओं ने घर में कचरे को अलग-अलग किया है और रहवासी संघों ने निरंतर सहयोग दिया है, जिसके फलस्वरूप महामहिम राष्ट्रपति के हाथों यह गौरवशाली सम्मान मिला है।
कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि देवास नगर निगम की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है और स्वच्छता सर्वेक्षण के सभी मापदंडों-डोर-टू-डोर कलेक्शन, कचरा पृथक्कीरण तथा वैज्ञानिक निस्तारण-में देवास ने उत्कृष्ट कार्य कर मिसाल कायम की है। नगर निगम सभापति रवि जैन ने कहा कि नगर निगम परिषद ने स्वच्छता को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसका सुखद परिणाम आज पूरे देश के सामने है। विधायक गायत्री राजे पवार एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि टीम बनाकर स्कूली बच्चों से आग्रह किया गया कि वे अपने माता-पिता व आसपास के रहवासियों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित करें और व्यापारी बंधुओं के साथ बैठकें कर स्वच्छता में अहम योगदान की अपील की गई, जिसका परिणाम है कि 3 लाख की जनसंख्या श्रेणी में देवास दूसरी बार देश में प्रथम आया है।



