
मुख्य सचिव ने राजस्व कार्यों की समीक्षा कर दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
स्वामित्व योजना की शेष रजिस्ट्रियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर नेहा मीना ने वीसी के माध्यम से बैठक में की सहभागिता
देवास, 19 नवंबर 2026/ मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर्स के साथ बैठक कर स्वामित्व योजना एवं राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वामित्व योजना में लंबित रजिस्ट्रियों, सीएम हेल्पलाइन, भूमि सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारा सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। देवास से कलेक्टर नेहा मीना, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन ने एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से बैठक में सहभागिता की।
मुख्य सचिव बर्णवाल ने स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि शेष रजिस्ट्रियों का कार्य 22 नवंबर तक पूर्ण किया जाए। 23 नवंबर को इसकी रिपोर्ट प्रमुख सचिव राजस्व को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वामित्व योजना में रजिस्ट्री से संबंधित संपूर्ण कार्य 15 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा कराने को कहा।
मुख्य सचिव बर्णवाल ने धीमी प्रगति वाले राजस्व हल्कों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए गति बढ़ाई जाए। पटवारियों के लिए प्रतिदिन कम से कम 20 रजिस्ट्रियों का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य को समय-सीमा में पूरा कराया जाए।
बैठक में भूमि सीमांकन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने फर्जी सीमांकन से जुड़े मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नामांतरण एवं बंटवारा के लंबित प्रकरणों के निराकरण में भी तेजी लाने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी शिकायतों के निराकरण में गंभीरता बरती जाए और नागरिकों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।




