प्रशासनिक

कलेक्टर  नेहा मीना ने आंगनवाड़ी केंद्र अरनिया जागीर का किया निरीक्षण

कलेक्टर  नेहा मीना ने आंगनवाड़ी केंद्र अरनिया जागीर का किया निरीक्षण
बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता परखी: पोषण, उपस्थिति और योजनाओं के लाभ की ली जानकारी
बच्चों ने उत्साहपूर्वक सुनाई कविता, कलेक्टर  मीना ने पौधरोपण भी किया
सोनकच्छ के पीपलरांवा में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर से पूर्व कलेक्टर  नेहा मीना ने आंगनवाड़ी केंद्र अरनिया जागीर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से 6 वर्ष तक के दर्ज बच्चों की संख्या, उनकी नियमित उपस्थिति तथा नाश्ता एवं पूरक पोषण आहार वितरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बच्चों को मिलने वाला भोजन चखकर गुणवत्ता परखी। कलेक्टर  मीना ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीयन सहित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। केंद्र में कुपोषित बच्चों की स्थिति पूछने पर कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र में वर्तमान में एक भी बच्चा सेम श्रेणी में नहीं है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण पर निरंतर विशेष ध्यान रखा जाए ताकि आगे भी कोई बच्चा गंभीर कुपोषण की श्रेणी में न आए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से भोजन की जानकारी लेते हुए आत्मीय सम्वाद किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कलेक्टर  मीना को कविताएं सुनाईं। मीना ने अपने समक्ष बच्चों का वजन और ऊंचाई मापकर उपकरणों और रिकॉर्ड की जांच की। उन्होंने केंद्र में कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा सभी बच्चों को समय पर यूनिफॉर्म वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने टीकाकरण की स्थिति जानी, केंद्र में लगी एलईडी टीवी को चालू करवाकर शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया और पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु समय-समय पर पीएचई विभाग से पानी की जांच करवाने के निर्देश दिए। अंत में कलेक्टर ने परिसर में सुरजना का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button