
देवास में MD ड्रग्स के अवैध कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 9 आरोपी गिरफ्तार
चार प्रकरणों में करीब 100 ग्राम MD ड्रग्स, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस जब्त देवास। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए देवास पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार प्रकरणों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली और औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 100 ग्राम MD ड्रग्स, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई गई है, एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस ने अंबेडकर नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास इमरान पठान और रेहान उर्फ मंसूरी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 34.78 ग्राम MD ड्रग्स जब्त की। पूछताछ में ड्रग्स का स्रोत आगर जिले के युसुफ खान को बताया गया।इसी दिन होमगार्ड लाइन स्थित सीवरेज पंपिंग स्टेशन के पास से स्वयं उर्फ विशु पुजारी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 17.04 ग्राम MD ड्रग्स के साथ एक अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ।औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने 6 अक्टूबर को टुमनी रेलवे ओवरब्रिज, न्यू बायपास रोड के पास से राजकुमार गांगुली को 13.49 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, 4 अक्टूबर को नागदा-रसूलपुर रोड स्थित बंद कांच फैक्ट्री के पास से राजेश मालवीय उर्फ राजा को 15.71 ग्राम MD ड्रग्स के साथ पकड़ा गया।आपूर्ति नेटवर्क की जांच जारी पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा से लगे जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में पेडलरों के माध्यम से MD ड्रग्स की आपूर्ति किए जाने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य गिरोह सदस्यों और नशे की सप्लाई के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस की अपील: देवास पुलिस ने नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार और अवैध हथियारों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 पर देने की अपील की है।




