स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता

स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना एवं सुरक्षित मातृत्व और पोषण पर विशेष ध्यान देना विधायक पवार
स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत देवास शहर के मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिकों में आयोजित हुए स्वास्थ्य शिविर
देवास जिले में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत आयोजित हुए स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों में अब तक 70 हजार 633 लोगों की स्क्रीनिंग हुई
देवास जिले में कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार” सेवा पखवाड़े का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अभियान के तहत महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, मातृ एवं शिशु देखभाल हेतु जन-जागरूकता संबंधित गतिविधियां, जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन पर सत्र का आयोजन, निक्षय मित्र नामांकन आयुष्मान कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र सहित रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत देवास शहर के मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिकों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुए। देवास शहरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक शांतिपुरा में स्वास्थ्य शिविर देवास विधायक गायत्री राजे पवार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। इस अवसर पर महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, पार्षद धर्मेन्द्रसिंह बैस भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान प्रारम्भ किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ बनाए रखना, परिवार में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित मातृत्व और पोषण पर विशेष ध्यान देना है। जिले के नागरिकों से अपील है कि वे इस सेवा पखवाड़े में सक्रिय भाग लें और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाकर स्वयं और अपने परिवार को स्वस्थ एवं सशक्त बनाएं।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक सिविल लाईन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसका शुभारम्भ नगर निगम सभापति रवि जैन ने किया। वार्ड 22 में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक जवाहर नगर में पार्षद प्रतिनिधि रूपेश वर्मा एवं वार्ड 08 में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक त्रिलोक नगर में पार्षद राजेन्द्र ठाकुर ने स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर संस्था प्रभारी चिकित्सक सहित अन्य चिकित्सक, विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि और स्टॉफ उपस्थित रहे।
सीएमएचओ डॉ सरोजनी जेम्स बेक ने बताया कि जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित किये गये शिविरों में अब तक कुल 70 हजार 633 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। पोषण और देखभाल पर के लिए स्वास्थ्य एवं आशा कार्यकर्ता द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में परामर्श सत्र आयोजित किये गये है। मासिक धर्म स्वच्छता पर किशोरियों को परामर्श दिया गया, एमसीपी कार्ड का वितरण किया जिसमें प्रसवपूर्व देखभाल, प्रसव, प्रसवोत्तर देखभाल और बाल टीकाकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी रिकॉर्ड की जा रही है।




