सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु जिला देवास में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे विशाल आयोजन के सफल संचालन हेतु पुलिस बल का प्रशिक्षित, अनुशासित एवं तकनीकी रूप से दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को भीड़ प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय, संवेदनशील व्यवहार तथा जनसेवा की भावना के साथ दायित्वों के निर्वहन संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सहायता की दृष्टि से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) का विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण में जिला देवास के डायल-112 वाहनों के चालकों को भी सम्मिलित किया गया, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे आपात स्थिति में प्रभावी जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध करा सकें।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पुलिस बल, होमगार्ड, विशेष सशस्त्र बल एवं विशेष शाखा के कुल 62 अधिकारी-कर्मचारी सहभागिता कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिंहस्थ मेले के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों, सुरक्षा चुनौतियों, यातायात प्रबंधन, आपदा नियंत्रण, जनसंपर्क एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित विषयों पर व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
देवास पुलिस द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सिंहस्थ-2028 के दौरान उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा




