देवास

स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर चाट चौपाटी निर्माण का विरोध,

स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर चाट चौपाटी निर्माण का विरोध,

कलेक्टर ऋतुराज सिंह को दिया आवेदन
देवास। सयाजी द्वार के निकट मल्हार स्मृति मंदिर के पीछे स्थित महात्मा गांधी चिकित्सालय (एमजीएच) परिसर की भूमि पर प्रस्तावित चाट चौपाटी केंद्र के निर्माण का विरोध शुरू हो गया है। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रतीक शास्त्री के नेतृत्व में जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर को आवेदन देकर योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित भूमि रियासत काल से अस्पताल परिसर के रूप में उपयोग में रही है तथा पूर्व से ही इस स्थान पर एमजीएच के विस्तार एवं पैथोलॉजी लैब की योजना प्रस्तावित है। आवेदकों का कहना है कि देवास में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, ऐसे में अस्पताल परिसर की भूमि का उपयोग केवल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए किया जाना चाहिए। पंडित रितेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रस्तावित चाट चौपाटी में बनने वाली महंगी दुकानों का लाभ छोटे व्यापारियों को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे चाट चौपाटी के विरोधी नहीं हैं, लेकिन इसके लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में बड़े व्यापारी और भूमाफिया दुकानों का लाभ लेकर उन्हें किराए पर देंगे, जबकि छोटे व्यापारियों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त भूमि से संबंधित मामलों में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा जनहित याचिकाओं के तहत प्राप्त आपत्तियों के निराकरण के निर्देश दिए गए हैं और यह मामला प्रशासन के समक्ष विचाराधीन है। आवेदकों ने आरोप लगाया कि आपत्तियों के निराकरण से बचने तथा राजनीतिक दबाव में चाट चौपाटी विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, जो जनहित के विपरीत और दूरदर्शिता से रहित निर्णय है। जिलाधीश ने चर्चा के दौरान कहा कि आप चौपाटी के लिए अन्य जगह बताओ इस पर पं. त्रिपाठी ने कहा कि यह काम शासन प्रशासन का है। इस दौरान कल्याण सिंह पवार, राजा पड़ियार, राजेश देवड़ा, जगदीश टुटेजा, राहुल ठाकुर, रोहित पटेल, देवेंद्र बाबा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button