नेमावर पुलिस ने किया मोबाइल चोरी एवं नकबजनी की दो वारदातों का सफल खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

नेमावर पुलिस ने किया मोबाइल चोरी एवं नकबजनी की दो वारदातों का सफल खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की हुई पहचान।
हाट बाजार से चोरी हुआ मोबाइल एवं नकबजनी में चोरी गई नगदी बरामद।
दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया मश्रुका जप्त किया गया।
संक्षिप्त विवरण पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी नेमावर अजय डोड के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मोबाइल चोरी एवं नकबजनी की दो वारदातों का सफल खुलासा किया गया।
दिनांक 13.06.2026 को फरियादी प्रितम सिंह तोमर द्वारा थाना नेमावर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि नेमावर हाट बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान उनकी शर्ट की जेब में रखा ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। एक अन्य प्रकरण में फरियादिया शंकुतला विश्वकर्मा निवासी दीपगांव द्वारा घर का ताला तोड़कर नगदी एवं अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दोनों प्रकरणों की विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत नेमावर एवं आसपास क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके फोटो सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित किए गए। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नेमावर बायपास क्षेत्र में घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम ललित पिता राजपाल पारदी निवासी ग्राम झिरी थाना रहटगांव जिला हरदा एवं महेन्द्र पिता ईश्वर पारदी निवासी ग्राम झिरी थाना रहटगांव जिला हरदा बताया। दोनों आरोपियों ने मोबाइल चोरी की घटना स्वीकार की तथा पूछताछ में ग्राम दीपगांव में हुई नकबजनी की वारदात करना भी स्वीकार किया। जिस पर से आरोपियों के कब्जे से चोरी गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन एवं ₹3,500 नगद बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- ललित पिता राजपाल पारदी, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम झिरी थाना रहटगांव जिला हरदा।
- महेन्द्र पिता ईश्वर पारदी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम झिरी थाना रहटगांव जिला हरदा।
जप्त मश्रुका
ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन कीमती ₹15,000।
₹3,500 नगद।
सराहनीय भूमिका उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी नेमावरअजय डोड, प्रधान आरक्षक ज्ञान सिंह यादव, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र राजपूत, आरक्षक राहुल आर्य, सैनिक संदीप तोमर, सैनिक नरेन्द्र केवट एवं सैनिक मोहन पंवार की सराहनीय भूमिका रही।




