गौशाला की व्यवस्थाओं का निगम स्वास्थ्य समिती अध्यक्ष बैस ने किया निरीक्षण

देवास। शुक्रवार 10 अक्टूबर को शंकरगढ़ स्थित गौशाला का निरीक्षण नगर निगम जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बेस, लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल, भाजपा नेता राजेश जैन, निगम स्वास्थ्य निरीक्षक हरेंद्र सिंह ठाकुर, तथा गौशाला संचालक बसंत वर्मा एवं संदीप बैरागी उपस्थित रहे। श्री बैस के द्वारा निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन 70 बाय 70 फीट के गौशाला शेड की प्रगति की समीक्षा की गई। कार्य की धीमी गति को देखते हुए संबंधित ठेकेदार एवं निर्माण कार्य देख रहे इंजीनियर से चर्चा की गई तथा कार्य की गुणवत्ता एवं मात्रा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए साथ ही गौशाला में उपलब्ध पशु आहार का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आहार की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं भंडारण व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा पशुओं को पौष्टिक एवं स्वच्छ आहार नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। श्री बेस द्वारा यह भी निर्देश दिए गए कि गौशाला में आने वाले धार्मिक श्रद्धालुओं, जो माता-पिता की पुण्यतिथि, जन्मदिवस अथवा जप-ध्यान हेतु कुछ समय के लिए रुकते हैं, उनके लिए शौचालय एवं स्नानागार जैसी मूलभूत सुविधाएँ विकसित की जाऐं। गौशाला की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु परिसर में सीसी कैमरों की संख्या बढ़ाने का भी निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने समन्वयपूर्वक गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार एवं निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु कहा गया।




