जिले में 05 जून को माताजी टेकरी से पौधारोपण अभियान का होगा शुभारम्भ

अभियान के दौरान ज्यादा से ज्यादा फल दार पौधे रोपे और पौधों की अच्छी तरह से देखरेख भी करें – कलेक्टर ऋतुराज सिंह
जिले में पौधारोपण अभियान चलाकर 51 हजार से अधिक पौधे रोंपे जायेंगे
वृहद स्तर पर पौधारोपण की तैयारियों की संबंध में कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
देवास 02 जून 2025/ देवास जिले में वृहद स्तर पर पौधारोपण की तैयारियों की संबंध में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बिहारी सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक शर्मा, तहसीलदार श्रीमती निधी राजपूत, नगर निगम, उद्योग, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि जिले में वृहदस्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जायेगा, जिसका शुभारम्भ 05 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर देवास में माताजी टेकरी से होगा। जिसमें जिले में 51 हजार से अधिक पौधे रोपे जायेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान ज्यादा से ज्यादा फल दार पौधे रोपे। अभियान के तहत त्रिवेणी (बरगद, नीम, पीपल) का रोपण भी किया जाये। पौधे लगाने के बाद पौधे की अच्छी तरह से देखरेख भी करें।


कलेक्टर सिंह ने कहा कि पौधे लगाने के बाद ‘’वायुदूत एप’’ पर फोटो अपलोड भी करें। ‘’एक पेड़ मॉ के नाम’’ अभियान से जुडने के लिए जिले के नागरिकों को प्रेरित करें। अभियान में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, एनजीओ और जिले के नागरिकों को शामिल करें। जिससे की अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता हो और अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा पौधे रोपे जा सकें।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिले में क्षिप्रा शुद्धिकरण के लिए चलाये जा रहे अभियान क्षिप्रा नदी के आसपास के 22 ग्रामों में अतिक्रमण मुक्त कराई गई शासकीय भूमि पर पौधारोपण किया जायेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत में ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में 100-100 पौधे रोपे। सभी स्कूल प्राचार्य स्कूल परिसर में आम, आमरूद, सीताफल, जामुन, कटहल जैसे लम्बी अवधि वाले पौधे लागाये।