
देवास में खेत से लोहे के पाइप चोरी का 6 घंटे में खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
डायल-112 की सूचना पर एक आरोपी मौके से पकड़ा, दूसरे को ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत CCTV फुटेज की मदद से गिरफ्तार किया गया
देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने खेत से लोहे के पाइप चोरी करने के मामले का महज 6 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लोहे के पाइप और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 65 हजार रुपये का मश्रुका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि रसूलपुर ब्रिज बायपास, टिगरिया रोड स्थित एक खेत से टीन शेड निर्माण में उपयोग होने वाले लोहे के पाइप दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर चोरी कर ले जा रहे हैं। सूचना पर खेत मालिक अमित पठान मौके पर पहुंचे और पड़ोसी की मदद से दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी भाग गया, जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया
मौके से पकड़े गए आरोपी की पहचान माखन पिता नानुराम कुमावत (30), निवासी संजय नगर अमोना, देवास के रूप में हुई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 851/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने तत्काल सर्चिंग अभियान शुरू किया। ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज से मिले हुलिए और अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने लगातार पतारसी करते हुए घटना के महज 6 घंटे के भीतर दूसरे आरोपी पवन पिता कमलेश अहिरवार (24), निवासी जयसिंहनगर अमोना, हाल गांधी चौक बावड़िया, देवास को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लोहे के पाइप और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी संबंधी अपराध दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जब्त मश्रुका:
लोहे के पाइप करीब ₹15 हजार
बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल करीब ₹50 हजार
कुल मश्रुका करीब ₹65 हजार
कार्रवाई में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक अमित सोलंकी, उनि सीमा परमार, प्रआर मुकुट पटेल, किशोर जाटवा, विष्णु दांगी, आरक्षक अजय जाट तथा साइबर सेल से प्रआर सचिन चौहान की सराहनीय भूमिका रही।


