विश्व जनसंख्या दिवस पर स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम

विश्व जनसंख्या दिवस पर स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
18 जुलाई तक संचालित होगा अभियान, जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन के प्रति किया जाएगा जागरूक
देवास जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 11 से 18 जुलाई 2026 तक विश्व जनसंख्या दिवस अभियान संचालित किया जा रहा। अभियान के तहत आमजन को जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान बताया गया कि इस वर्ष की थीम ‘‘हेल्दी टाइमिंग एंड स्पेसिंग बिटवीन प्रेग्नेंसीज फार वेल बीइंग ऑफ मदर एंड चाइल्ड एंड टू प्रिवेंट अनइन्टेन्ड प्रेग्नेंसीज’’ (माँ और बच्चे के कल्याण तथा अनचाहे गर्भ को रोकने के लिए गर्भधारण के बीच स्वस्थ समय और अंतर) है।

जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. शाहिद शेख ने बताया कि अभियान के दौरान जिले का स्वास्थ्य अमला घर-घर पहुँचकर आमजन से संवाद स्थापित करेगा तथा परिवार नियोजन के आधुनिक, सुरक्षित एवं प्रभावी साधनों की जानकारी देकर उन्हें अपनी आवश्यकता और इच्छा के अनुसार उचित साधन अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम व अन्य मैदानी कार्यकर्ता गृहभेंट, सास-बहू सम्मेलन, ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस तथा अन्य सामुदायिक आयोजनों के माध्यम से पात्र दम्पत्तियों से संपर्क करेंगे। उन्हें बताया जाएगा कि विवाह के बाद पहले बच्चे में कम से कम दो वर्ष की देरी तथा पहले और दूसरे बच्चे के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर माँ के स्वास्थ्य की सुरक्षा, बच्चे के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास और परिवार की खुशहाली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। शहरी क्षेत्र देवास की मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर, संजय नगर में परिवार नियोजन के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर दम्पतियों,महिलाओं,को परिवार नियोजन की जानकारी दी ।




