थाना टोंकखुर्द द्वारा ग्राम नांदला में जनचौपाल आयोजित, सड़क सुरक्षा

थाना टोंकखुर्द द्वारा ग्राम नांदला में जनचौपाल आयोजित, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूकसड़क दुर्घटना में मृतक युवराज के परिजनों एवं ग्रामवासियों से संवाद कर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।यातायात नियमों के पालन एवं हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के संबंध में दी गई जानकारी।पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देवास पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में थाना टोंकखुर्द पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटना में मृतक युवराज पिता राजेन्द्र सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम नांदला के गांव पहुंचकर जनचौपाल आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामवासियों एवं पीड़ित परिवार से संवाद स्थापित कर सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, उनसे बचाव के उपायों तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी टोंकखुर्द हितेश पाटिल द्वारा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने, ओवरटेकिंग से बचने तथा सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में समझाइश दी गई। साथ ही पीड़ित पक्ष एवं उपस्थित ग्रामीणों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।वर्तमान वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए ग्रामीणों को बारिश के दौरान फिसलनयुक्त मार्गों, जलभराव वाले रपटों एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह भी दी गई।देवास पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।




