
प्रेस नोट देवास पुलिस दिनांक
सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत देवास पुलिस ने साइबर जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान ने किया साइबर जागरूकता रथ का शुभारंभ।
जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँचकर आमजन को साइबर अपराधों के प्रति करेगा जागरूक।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0 के अंतर्गत आज देवास पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता रथ का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेन्द्र सिंह वर्धमान ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए स्वरूपों में सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। साइबर जागरूकता रथ जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी निवेश योजनाओं सहित विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करेगा।
जागरूकता रथ के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करने, संदिग्ध लिंक एवं कॉल से सतर्क रहने तथा साइबर धोखाधड़ी होने पर स्वर्णिम समय (Golden Hour) का लाभ उठाते हुए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।
देवास पुलिस द्वारा संचालित यह जागरूकता रथ अभियान अवधि के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर पहुँचकर आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा तथा अधिक से अधिक नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
देवास पुलिस का संदेश
सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन।
सतर्क नागरिक ही साइबर अपराधों से सुरक्षित नागरिक है।
सोच-समझकर करें क्लिक, सुरक्षित रहेगा आपका डिजिटल भविष्य।




