पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी बनी कातिल, सोते समय हथौड़े से वार कर की हत्या

पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी बनी कातिल, सोते समय हथौड़े से वार कर की हत्या; उन्हेल पुलिस ने 24 घंटे में किया अंधे हत्याकांड का खुलासाउज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। नागराज मंदिर के पीछे रहने वाले 32 वर्षीय विक्रम लोहार की 16 जून को उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली थी। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी माधुरी उर्फ राधिका (30) से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी से आहत होकर उसने आवेश में आकर सो रहे पति के सिर पर हथौड़े से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के सफल खुलासे में थाना प्रभारी संतोष चौहान, उप निरीक्षक मंगीलाल मालवीय सहित पुलिस टीम, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


