त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की कार्रवाई: दो दिनों में सोनकच्छ व देवास के 06 प्रतिष्ठानों से 16 खाद्य पदार्थों के सेंपल लेकर भोपाल भेजे

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की कार्रवाई: दो दिनों में सोनकच्छ व देवास के 06 प्रतिष्ठानों से 16 खाद्य पदार्थों के सेंपल लेकर भोपाल भेजे
अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई बनाने पर फर्म श्री चारभुजा ट्रेडर्स में निर्माण कार्य बंद करवाकर प्रतिष्ठान किया सील
दीपावली पर आम नागरिकों को शुद्ध एवं मिलावट रहित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशों के परिपालन में जिला प्रशासन द्वारा सतत सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा प्रशासन एवं राजस्व विभाग के संयुक्त जांच दल ने जिले में मिठाई व मावा निर्माण स्थलों और विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 6 प्रमुख प्रतिष्ठानों की जांच कर 16 नमूने संग्रहित किए गए, वहीं गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एक मिठाई निर्माण प्रतिष्ठान को सील कर उसका काम बंद करवाया गया।
संयुक्त जांच दल ने 3 नवंबर को देवास शहर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की। इस दौरान देवास में उज्जैन रोड स्थित आर.के. होटल से मावा का नमूना लिया गया। मेंढ़की चक उज्जैन रोड स्थित फर्म सतीश जोधपुर स्वीट्स से मावा पेड़ा एवं के.डी. प्रजापति बटर टोस्ट के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं उज्जैन रोड स्थित फर्म बाबूलाल देवासी जोधपुर मिठाईवाला से मावा व गुलाब जामुन का नमूना जांच हेतु लिया गया।
जांच के दौरान लाला लाजपत राय मार्ग स्थित फर्म चारभुजा ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान मावा, बेसन चक्की एवं शक्कर बूरा पैक के नमूने लिए गए। निरीक्षण में पाया गया कि प्रतिष्ठान के पास मिठाई निर्माण हेतु कोई वैध खाद्य पंजीयन उपलब्ध नहीं था तथा अत्यंत अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण व संग्रहण किया जा रहा था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दल ने निर्माण कार्य रुकवाकर प्रतिष्ठान को सील कर बंद कर दिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के शेड्यूल-4 का अनुपालन न करने पर धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) प्रस्तावित किया गया।
इससे पूर्व 2 नवंबर को सोनकच्छ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए डाक बंगला रोड स्थित फर्म राजस्थानी स्वीट्स एण्ड नमकीन से मावा, पेड़ा, नमकीन सेंव और नमकीन मिक्सर के नमूने लिए गए। वहीं तहसील सोनकच्छ स्थित फर्म राधे राजस्थान मिष्ठान भंडार से मावा एवं मलाई बर्फी तथा गोपाल नमकीन तीखा व नमकीन सेंव के नमूने लिए गए। सभी 16 नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्व विभाग से तहसीलदार हरीओम ठाकुर तथा खाद्य सुरक्षा विभाग से अभिहित अधिकारी श निर्मला सोमकुंवर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र ठाकुर, हिमाली सोनपाटकी एवं कैलाश वास्केल सम्मिलित रहे। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों को देखते हुए जिले में मिलावट की रोकथाम, नियमित निरीक्षण और नमूना संग्रहण का यह अभियान निरंतर सख्ती के साथ जारी रहेगा।



