प्रशासनिक

एसडीएम और तहसीलदार लगातार फील्ड भ्रमण कर क्षेत्र की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करें- कलेक्टर  नेहा मीना

एसडीएम और तहसीलदार लगातार फील्ड भ्रमण कर क्षेत्र की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करें- कलेक्टर  नेहा मीना
अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरण लंबित ना रहें, खराब प्रदर्शन वाले 5 तहसीलदारों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश
राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें,स्वामित्व पंजीयन कार्य में लाएं तेजी
कलेक्टर  नेहा मीना ने की राजस्व अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर  नेहा मीना की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व वसूली, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएम मॉनिट एवं स्वामित्व पंजीयन सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले 5 तहसीलदारों को शोकॉज नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि हर 15 दिनों में राजस्व अमले की बैठक लेना सुनिश्चित करें। तहसीलदार हर हफ्ते पटवारियों की समीक्षा बैठक ले। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी एसडीएम एवं तहसीलदार लगातार फील्ड भ्रमण पर रहें तथा अपने-अपने क्षेत्र में संचालित सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने क्षेत्र की प्रत्येक घटना एवं गतिविधि की जानकारी रखें और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखें।
कलेक्टर  नेहा मीना ने निर्देशित किया कि अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर आमजन की समस्याओं, स्थानीय परिस्थितियों एवं महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी समय पर प्राप्त करें, ताकि आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें।
अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण
कलेक्टर  नेहा मीना ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी तहसीलदारों एवं एसडीएम को निर्देश दिए कि न्यायालयों में लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर  नेहा मीना ने अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आगामी बैठक के पूर्व सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन का कोई भी प्रकरण तीन माह से अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी राजस्व अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिले में इनसे संबंधित एक भी अविवादित प्रकरण लंबित न रहे। इसके साथ ही विवादित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी प्रकरणों का गंभीरता से करें निराकरण, राजस्व वसूली के लक्ष्यों की पूर्ति करें
कलेक्टर  नेहा मीना ने तहसीलवार राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए सभी तहसीलदारों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों एवं एसडीएम को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का परीक्षण कर उसका समय-सीमा में निराकरण किया जाए। कोई भी शिकायत बिना कार्रवाई के लंबित नहीं रहनी चाहिए। निराकृत शिकायतों के संबंध में शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए। राहत राशि एवं सीमांकन से संबंधित अधिक शिकायतों को देखते हुए उन्होंने इनके त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया।कलेक्टर  नेहा मीना ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं सीएम मॉनिट के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन प्रकरणों का प्राथमिकता से शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर  नेहा मीना ने स्वामित्व पंजीयन कार्य की समीक्षा करते हुए इसकी गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि स्वामित्व पंजीयन का शत-प्रतिशत कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। धनतेरस पर शत-प्रतिशत रजिस्ट्री वाले ग्रामों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित करें। कलेक्टर  मीना ने कहा कि राजस्व अधिकारियों की आगामी बैठक में प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की पुनः समीक्षा की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर  शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर  संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर  विशाखा देशमुख सहित सभी अनुभाग के एसडीएम, तसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button