
नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने किया देवास की प्रसिद्ध माता टेकरी का निरीक्षण एडीजी उज्जैन रेंज राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह एवं डीआईजी नवनीत भसीन ने मां चामुंडा माता टेकरी पहुंचकर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद रहे उपस्थित श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आवागमन एवं सुगम दर्शन व्यवस्था के संबंध में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता, सतत निगरानी एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु पुख्ता तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश
संक्षिप्त विवरणआगामी नवरात्रि पर्व के दौरान देवास स्थित प्रसिद्ध मां चामुंडा माता टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एडीजी राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह एवं डीआईजी नवनीत भसीन द्वारा माता टेकरी का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने माता टेकरी परिसर एवं श्रद्धालुओं के आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संभावित भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुचारु यातायात संचालन तथा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं सुरक्षित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखने तथा भीड़भाड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की सक्रियता एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने एवं किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से त्वरित रूप से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा एवं निगरानी करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।
देवास पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील देवास पुलिस समस्त श्रद्धालुओं से अपील करती है कि माता टेकरी पर दर्शन के दौरान निर्धारित मार्गों एवं कतार व्यवस्था का पालन करें। अनावश्यक भीड़ एवं धक्का-मुक्की से बचें तथा पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें एवं आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क करें।




