देवास पुलिस दौड़ के साथ दिया साइबर एवं सड़क सुरक्षा का संदेश,

देवास पुलिस
दौड़ के साथ दिया साइबर एवं सड़क सुरक्षा का संदेश, ग्राम मातमोर में आयोजित हुई जागरूकता मैराथन
सेफ क्लिक 2.0″ अभियान के अंतर्गत मैराथन का आयोजन, विजेता प्रतिभागियों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित डिजिटल एवं सुरक्षित यातायात का दिया संदेश।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत आज ग्राम मातमोर में साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं में साइबर सुरक्षा के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

मैराथन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के उपरांत प्रथम 10 विजेता प्रतिभागियों को हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को हेलमेट के नियमित उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। साथ ही नागरिकों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
देवास पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के माध्यम से जिलेभर में विभिन्न नवाचारों एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

देवास पुलिस का संदेश
सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन।
हेलमेट पहनें, सुरक्षित चलें।
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।





