
आमजन से संवाद एवं सुरक्षा जागरूकता हेतु थाना टोंकखुर्द पुलिस द्वारा जन चौपाल आयोजित
तहसील चौराहा, कस्बा टोंकखुर्द में आमजन से किया गया संवाद।
क्षेत्र की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर की गई चर्चा।
साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक।
सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने हेतु आमजन से की गई अपील।
संक्षिप्त विवरण पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में पुलिस एवं आमजन के मध्य बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिले में जन चौपाल के माध्यम से निरंतर जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में थाना टोंकखुर्द पुलिस द्वारा तहसील चौराहा, कस्बा टोंकखुर्द में जन चौपाल आयोजित की गई। जन चौपाल में थाना प्रभारी टोंकखुर्द निरीक्षक हितेश पाटिल सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
जन चौपाल के दौरान आमजन से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में चर्चा की गई तथा स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई। पुलिस द्वारा आमजन को उनकी सुरक्षा से जुड़े विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
इस अवसर पर साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए अनजान कॉल, लिंक अथवा संदेश पर विश्वास नहीं करने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ बैंकिंग, OTP अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए भी बताया गया।
साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानी बरतने तथा हेलमेट सहित सुरक्षा उपायों का उपयोग करने हेतु जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। आमजन एवं पुलिस के परस्पर सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
देवास पुलिस द्वारा जन चौपाल के माध्यम से आमजन की सहभागिता, संवाद एवं सहयोग को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित वातावरण निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।




