बाबा महाकाल की पांचवीं सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब, झांझ-मंजीरे बजाते पैदल चले CM

बाबा महाकाल की पांचवीं सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब, झांझ-मंजीरे बजाते पैदल चले CM
उज्जैन में बाबा महाकाल की पांचवीं और भादौ माह की पहली सवारी सोमवार शाम भव्य रूप में निकली। चांदी की पालकी में विराजित बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकले। मंदिर में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने पूजन-अर्चन किया और पुलिस जवानों ने पालकी को सलामी दी।
झांझ-मंजीरे बजाते पैदल चले CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दत्त अखाड़ा से नौका विहार कर रामघाट पहुंचे। यहां पूजन-अभिषेक के बाद उन्होंने बाबा की पालकी उठाई और सवारी में पैदल शामिल हुए। सीएम झांझ-मंजीरे बजाते हुए शिव भक्ति में लीन नजर आए।
84 महादेव की झांकी और रोबोट आकर्षण
सवारी में 84 महादेव की झांकी, करीब 1100 बटुक, आदिवासी कलाकारों की प्रस्तुतियां और विकास की झांकियां शामिल रहीं। पहली बार रोबोट भी सवारी में शामिल हुआ और रामघाट पर डांस कर श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा।
शिप्रा तट पर जलाभिषेक
रामघाट पहुंचने पर बाबा महाकाल का मां शिप्रा के जल से जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया गया। वहीं 300 से अधिक पुलिस जवानों के बैंड ने भक्तिमय धुनें प्रस्तुत कीं। सवारी मार्ग बाबा के जयकारों से गूंजता रहा।




