शारदीय नवरात्रि में जिस प्रकार की तैयारियां की जाती है, उसी प्रकार की तैयारियां चैत्र नवरात्रि पर भी करें कलेक्टर सिंह

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिशा-निर्देश के पोस्टर लगाएं और दूरी भी लिखें
माताजी टेकरी पर नवरात्रि के संबंध में सभी तैयारियां 28 मार्च तक कर लें
कंट्रोल रूम से 24 घण्टे मानिटरिंग करें, श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हों, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें
नवरात्रि पर्व पर तैयारियों के संबंध में कलेक्टर सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
देवास 24 मार्च 2025/ जिले में चैत्र नवरात्रि पर्व 30 मार्च से मनाया जाएगा। नवरात्रि पर्व की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में मॉ चामुण्डा शासकीय देवस्थान प्रबंध समिति कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। बैठक में महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, अपर कलेक्टर बिहारी सिंह, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक शर्मा, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, नगर निगम, वन विभाग, यातायात, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शारदीय नवरात्रि में जिस प्रकार की तैयारियां की जाती है, उसी प्रकार की तैयारियां चैत्र नवरात्रि पर भी करें। नवरात्रि के संबंध में सभी तैयारियां 28 मार्च तक कर लें। माताजी टेकरी पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हों, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। टेकरी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिशा-निर्देश के पोस्टर लगाएं और दूरी भी लिखें। कलेक्टर सिंह ने प्रसाद व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु प्रसाद लेकर आते हैं, उन्हें वापस प्रसाद दिया जाए। श्रद्धालुओं को प्रसाद लेने के लिए कोई परेशान नहीं करें, इस संबंध में दुकानदारों की बैठक लें।
कलेक्टर सिंह ने पार्किंग व्यवस्था की जानकारी लेकर पार्किंग के लिए फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए। नवरात्रि के लिए ड्यूटी ऑर्डर निकाले और कर्मचारियों की बैठक लेकर जानकारी दें। नवरात्रि के दो दिन पहले तैयारी का एक बार फिर निरीक्षण किया जाएगा। नवरात्रि से दो दिन पहले सारे काम हो जाना चाहिए। पुलिस, ट्रैफिक और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट इमरजेंसी रिस्पांस टीम बनाएं भीड़ नियंत्रण, आग लगने से बचने संबंधी मॉकड्रील कर लें।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि टेकरी स्थिति समस्त मंदिरों एवं सम्पूर्ण टेकरी क्षेत्र की चौबीसों घंटे साफ सफाई की जाये। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक दर्शन की सुविधा की दृष्टि से टेकरी पर पानी व छाया सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएगी। टेकरी पर कंट्रोल रूम से 24 घण्टे मानिटरिंग करें। मंदिर के आसपास मांस/मदिरा की दुकानें प्रतिबंधित रहेगी।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि नवरात्रि के दौरान बेरिकेट्स की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। टेकरी पर बिजली के तार सही करवा लें। रोप वे का फिजिकल वेरिफिकेशन कर लें। लाइट की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। टेकरी पर समस्त मंदिरों, रपट मार्ग, सीढ़ी मार्ग, परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालूओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था करें। गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए टेकरी पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। पानी के स्टॉल लगाने के लिए जगह चिन्हित करे लें। टेकरी पर जहां कारपेट की जरूरत है, वहां कारपेट बिछाये।
कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि टेकरी क्षेत्र में निर्बाध विद्युत व्यवस्था हो। विद्युत व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाये। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि नवरात्रि पर्व पर वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए। पार्किंग उचित स्थान पर ही कराया जाये, अवैध पार्किंग नहीं होना चाहिए। नवरात्रि पर दुकानों को व्यवस्थित लगवाये।
कलेक्टर सिंह ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान दर्शनार्थियों की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाएं। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाया जाए। पार्किंग व्यवस्था अच्छे से करें।
कलेक्टर सिंह ने नगर निगम को निर्देश दिए कि मां चामुंडा टेकरी पर संपूर्ण साफ सफाई की व्यवस्था की जाए, टेकरी के प्रमुख स्थानों पर फिक्स डस्टबिन लगाए जाए एवं प्रतिदिन कचरे का संग्रहण किया जाए। फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करें। टेकरी क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट व अन्य लाइनों को दुरुस्त किया जाए। टेकरी पर पेयजल की व्यवस्था एवं टंकियों की साफ-सफाई की जाए। नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग टेकरी मार्ग पर लगाई जाने वाली रेलिंग की पुताई, रिपेरिंग संबंधी कार्य कर लें। नवरात्रि पर पार्किंग स्थल से लेकर सम्पूर्ण टेकरी क्षेत्र पर आवश्यक स्थानों पर बेरीकेड की व्यवस्था करें।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि विद्युत विभाग टेकरी क्षेत्र की विद्युत के पोल, स्ट्रीट लाईट, झुलते तार को ठीक कर लें। विद्युत कनेक्शन की जांच करें। नवरात्रि के समय सम्पूर्ण टेकरी पर सतत विद्युत व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाये।
कलेक्टर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिये कि टेकरी पर तीन स्थानों पर मेडिकल काउंटर लगाएं। डाक्टरों एवं स्टॉफ की मय एंबुलेंस, ऑक्सीजन, दवाइयों के 24 घंटे ड्यूटी लगाएं। व्हील चेयर की व्यवस्था भी करें। टेकरी के नीचे अस्थाई रूप से अस्पताल बनाये। डॉक्टर और नर्स की ड्यूटी लगाये। मॉ चामुण्डा शासकीय देवस्थान प्रबंध समिति लड्डू काउंटर एवं भोजन प्रसादी की व्यवस्था करें। मॉ चामुंडा व मॉ तुलजा भवानी मंदिर परिसर में आकर्षक साज-सज्जा करें।