लाल गेट के राजा तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्नदेवास।

लाल गेट के राजा तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्नदेवास। संस्था सिद्धिविनायक द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन पूर्ण विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन नगर के ऐतिहासिक लाल गेट क्षेत्र में नव-निर्मित मंदिर में संपन्न हुआ, जहाँ गजानन गणपति जी लाल गेट के राजा के रूप में रिद्धि-सिद्धि और शुभ-लाभ के साथ सपरिवार विराजमान हुए हैं। साथ ही, एक ओर भगवान राधा-कृष्ण और दूसरी ओर मृत्युंजय महादेव शिवजी अपने पूरे परिवार सहित विराजे हैं, जिससे यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए अद्वितीय तीर्थ बन गया है। महोत्सव के अंतिम दिन पूर्णाहुति पश्चात प्रथम दर्शन और आरती का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


प्रथम दर्शन के प्रमुख लाभार्थियों में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, संस्था की संरक्षक व देवास विधायक गायत्री राजे पवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल नेता सत्ता पक्ष मनीष सेन सहित शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अद्भुत एवं दिव्य स्वरूप वाली प्रतिमाओं के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और प्रभु की आरती में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम उपरांत विशाल महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसादी ग्रहण कर स्वयं को धन्य किया। सम्पूर्ण आयोजन में शहरवासियों का उत्साह, श्रद्धा और सहभागिता अद्वितीय रही, जिससे यह महोत्सव ऐतिहासिक बन गया।