मुख्यमंत्री कन्या विवाह सामूहिक सम्मेलन को कराया गया जीरो वेस्ट प्लास्टिक फ्री

प्रदेश विस्तार समाचार
देवास। नगर निगम आयुक्त रजनीश कसेरा के निर्देशानुसार देवास शहर को 5 स्टार गारबेज फ्री सिटी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। पालीथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक को बैन किया जा चुका है। अब नगर निगम द्वारा सामूहिक विवाह जैसे बड़े समारोहों को भी जीरो वेस्ट इवेंट्स बनाने की दिशा मे कार्य किया जा रहा है। रविवार 2 फरवरी को नगर निगम द्वारा सामूहिक विवाह को सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री सम्पन्न करवाया गया। यह सामूहिक विवाह इसलिए जीरो वेस्ट इवेंट, इवेंट की जानकारी के लिए कागज व कपड़े के फ्लेक्स पोस्टर इस्तेमाल किए गए, ईको फ्रेंडली पेपर मैटिरियल में ही इवेंट डिटेल छापी गई थी, वर बधू जोड़े को पौधे भेंट स्वरूप दिए गए, समारोह स्थल की सजावट के लिए फूलों का इस्तेमाल किया गया। बाद में इनसे खाद बनाई जाएगी, समारोह स्थल दिव्यांग फ्रेंडली बनाया गया था, प्लास्टिक की पानी की बोतलें, प्लास्टिक कप इस्तेमाल नहीं किए गए, स्टील और ग्लास के बर्तनों में खाना-पानी सर्व किया गया, कॉफी, चाय और सॉफ्ट ड्रिंक के लिए भी प्लास्टिक के कप इस्तेमाल नहीं हुए, बल्कि सिर्फ बायोडीग्रेडेबल एन्वायर्नमेंट फ्रेंडली कप इस्तेमाल किए गए, गीला,सूखा एवं सेनेटरी कचरे के लिए बड़े डस्टबिन स्थल पर उपलब्ध करवाए गए, एक वेस्ट कलेक्शन व्हीकल समारोह स्थल पर लगाया गया था साथ ही सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान जीरो वेस्ट की दिशा में पर्यावरण हितैषी सामग्री वस्तुओं का प्रयोग को प्राथमिकता दी गई। इसमें प्लास्टिक का कोई सामान इस्तेमाल नहीं किया गया, ज्यादातर पर्यावरण हितैषी रियूजेबल चीजें इस्तेमाल हुईं। इसे जीरो वेस्ट वेडिंग बनाने में सभी वर वधू पक्ष के परिवारजनो ने पूर्ण सहयोग किया। निगम स्वच्छ भारत मिशन से अरुण तोमर ने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य शासकीय एवं पब्लिक इवेंट्स को जीरो वेस्ट सिद्धांत पर ही करने की प्लानिंग की जा रही है।इसमें कम से कम कचरा जेनरेट होता है और जो कचरा जेनरेट होता है उसका उचित डिस्पोजल किया जाता है।