बोस की जयंती के पूर्व प्रतिमा के चहुओर किया जाए सौंदर्यीकरण, पत्र भेजकर की मांग

देवास। जवाहर नगर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के चहुओर सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमनगर पार्ट 2 निवासी गोपाल अग्रवाल ने महामहिम राष्ट्रपति, मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन एवं प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग/नगरीय प्रशासन विभाग को पत्र लिखा है। श्री अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका निगम देवास मप्र के अंतर्गत जवाहर नगर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रतिमा के चहुओर सौंदर्यीकरण किए जाने हेतु स्थानीय शासन एवं प्रशासन का ध्यान विभिन्न माध्यमों से आकर्षित कराया है, लेकिन आज दिनांक तक नेताजी सुभाषचंद्र बोस के चारों सौंदर्यीकरण नहीं हो पाया है। बोस की जयंती 23 जनवरी 2025 को मनाई जाना है। इसके पूर्व मार्ग का नाम 23 जनवरी नेताजी सुभाष चंद्र बोस किया जाए। शासकीय माध्यमिक शाला जवाहर नगर देवास को हाई स्कूल में उन्नयन कर शासकीय माध्यमिक शाला जवाहर नगर का नामकरण नेताजी सुभाष चंद्र बोस शासकीय हाई स्कूल किया जाए। जवाहर नगर देवास को माध्यमिक शाला से हाई स्कूल किए जाने हेतु प्रस्ताव श्रीमान जिला शिक्षा अधिकारी महोदय के माध्यम से शासन स्तर पर प्रस्तावित किया गया था। क्षेत्र की बढ़ती हुई आबादी को दृष्टिगत रखते हुए एवं नगर के बीचो-बीच होने की वजह से अति आवश्यक श्रेणी में आ गया है। अग्रवाल ने मांग की है कि संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों को समुचित निर्देश प्रदान कर उपरोक्त लंबित मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए।