प्रशासनिक उदासीनता से रहवासी त्रस्त, आंदोलन की चेतावनी

वृंदावन धाम-1 कॉलोनी में सीवरेज व जल भराव की विकराल समस्या
5 वर्षों से सीवरेज लाइन जर्जर, बारिश में जलमग्न होता है कॉलोनी गेट
प्रशासनिक उदासीनता से रहवासी त्रस्त, आंदोलन की चेतावनी
देवास। वार्ड क्रमांक 2 की वृंदावन धाम-1 कॉलोनी में सीवरेज और जल निकासी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि बीते पांच वर्षों से सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त हैं, जिनकी मरम्मत अब तक नहीं की गई। नतीजा यह है कि बारिश के दिनों में गंदा पानी सड़कों पर बहता है और खाली प्लॉटों में भरकर मच्छरजनित बीमारियों को न्योता देता है।
रहवासियों के अनुसार, कॉलोनी में लगभग सभी चेम्बर टूट चुके हैं और पाइप लाइनों में लीक के कारण सीवरेज का पानी गलियों में फैल रहा है। इस दुर्गंध और गंदगी के बीच रहना लोगों के लिए नर्क समान हो गया है। छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को इस स्थिति में सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनी के मुख्य गेट पर जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण थोड़ी सी बारिश में ही घुटनों तक पानी भर जाता है। वहीं कालोनीवासियों की माने तो गेट के पास बने अवैध मकान पानी रुकने की मुख्य वजह है। बताया जा रहा है कि नगर निगम ने ग्रीन बेल्ट में बने इस मकान को बनाने के लिए अवैध रूप से आवास योजना के तहत राशि भी जारी की। इसमें कई कर्मचारी नगर निगम के मिले हुए हैं। नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है। और इसी के चलते कॉलोनियों के लोग परेशान हो रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद भी कोई समाधान नहीं निकल पा रहा है। जल जमाव से न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। पैदल चलने वालों के लिए रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता है।
रहवासियों ने बताया कि नगर निगम को इस समस्या के संबंध में कई बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायत की गई है, लेकिन किसी भी प्रकार की ठोस कार्यवाही अब तक नहीं हुई है। प्रशासन की इस उदासीनता से जनता में गहरा आक्रोश है।
रहवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
समस्या का समाधान जल्द नहीं होने की स्थिति में कॉलोनीवासियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने जिला कलेक्टर से मांग की है कि वृंदावन धाम-1 कॉलोनी की सीवरेज और जल निकासी की समस्याओं का स्थाई समाधान शीघ्र कराया जाए ताकि कॉलोनीवासियों को राहत मिल सके।