देवास

देवास में सनसनीखेज मामला, पुलिस ने कुछ ही घंटे में आरोपी को लिया हिरासत मे

फ्रिज में मिली लाश के मामले में पुलिस को मिली सफलता
मार्च 2024 में गला घोंटकर की थी हत्या, 9 माह बाद दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा
देवास में सनसनीखेज मामला, पुलिस ने कुछ ही घंटे में आरोपी को लिया हिरासत मे
देवास शहर की वृंदावन धाम कॉलोनी में आज एक महिला का शव फ्रिज में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब पड़ोसी ने दुर्गंध आने पर पास के कमरे के फ्रिज को खोला तब जाकर लाश नजर आई। सूचना पुलिस को मिलने के बाद ही पुलिस हरकत में आई और ताबड़तोड तरीके से पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मात्र 10 घंटों में गिरफ्तार कर अंधे कत्ल का भंडाफोड़ कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी उस महिला के साथ पांच साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार मकान धीरेंद्र श्रीवास्तव का हैं, वे इंदौर में रहते हैं। उन्होंने पूर्व में मकान उज्जैन निवासी संजय पाटीदार को दिया था। इसके बाद बलवीरसिंह अपने परिवार के साथ पिछले चार महीने से इस मकान में रह रहे थे। मकान के दो कमरों में संजय पाटीदार का सामान व फ्रिज रखा था। फ्रिज चालू हालत में था। एक दिन बिजली बंद होने से बाहर दुर्गंध आने लगी तो बलवीरसिंह ने शुक्रवार को अंदर जाकर देखा। उन्होंने फ्रिज खोला तो उसमें महिला की लाश मिली। उन्होंने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फ्रिज से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मकान मालिक और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू की। लोगों ने बताया बलवीर सिंह के पहले यहां महिला-पुरुष रहते थे। उस परिवार ने मकान छोड़ने के बाद भी दो कमरे खाली नहीं किए थे। इन दो कमरों में से ही एक में फ्रिज रखा था, जिसमें महिला का शव मिला। मकान मालिक के अनुसार उन्होंने यह मकान जुलाई 2023 में उज्जैन निवासी संजय पाटीदार को किराए पर दिया था। संजय ने जून 2024 में मकान खाली कर दिया, लेकिन दो कमरों में अपना कुछ सामान छोड़ दिया था। इसमें एक फ्रिज भी था। इधर घटना की सूचना पर एसपी पुनीत गेहलोद सहित अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को आसपास के लोगों से तथ्य हासिल हुए। इस पर तुरंत ही संजय पाटीदार को हिरासत में लेने के लिए पुलिस रवाना हुई। पुलिस ने दोपहर में ही संजय पाटीदार को हिरासत में ले लिया। उसने पूछताछ में बताया कि वह पांच साल से लिव इन रिलेशन में प्रतिभा ऊर्फ पिंकी प्रजापति के साथ रह रहा था। उसने तीन साल प्रतिभा को उज्जैन में रखा था। इसके बाद देवास में आ गया था। वर्ष 2024 की शुरुआत से ही वह शादी के लिए दबाव बना रही थी। जिसके बाद संजय ने अपने दोस्त विनोद दवे निवासी इंगोरिया थाना उज्जैन के साथ मिलकर महिला का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को फ्रिज में रखा और ऊपर से कपड़ा बांध दिया।
एसपी गेहलोद ने बताया कि मकान को कल बलवीर राजपूत ने खोला था, वहां सफाई की। शुक्रवार सुबह फ्रिज खोला तो उसमें महिला की लाश दिखी। पूछताछ की तो पता चला कि यहां पूर्व में संजय पाटीदार निवासी उज्जैन रहते था। उसके साथ प्रतिभा ऊर्फ पिंकी प्रजापति रहती थी। पड़ोसियों के अनुसार उक्त महिला को मार्च 2024 से किसी ने देखा नहीं था। पड़ोसियों को संजय पाटीदार ने बताया था कि महिला अपने मायके गई हुई है। उक्त तथ्य को संज्ञान में आते ही एडीशनल एसपी जयवीर भदौरिया के नेतृत्व में एक टीम संजय पाटीदार को कस्टडी में लेने के लिए तत्काल रवाना हुई। दोपहर में ही पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। प्राथमिक पूछताछ में संजय ने अपना अपराध कबूल किया है। विनोद दवे राजस्थान के टोंक जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के एक अपराध में जेल में बंद है। वहां की पुलिस से संपर्क कर रहे हैं। रिमांड पर लेकर संजय से पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button