देवास

देवास जिले में क्षिप्रा शुद्धिकरण के लिए शुरू हुआ दो माह का विशेष अभियान


सांसद, महापौर, कलेक्‍टर, एसपी, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संस्‍थाओं, ग्रामीणों और स्‍कूली बच्‍चों ने किया श्रमदान
जिले में 21 जून तक चलेगा क्षिप्रा शुद्धिकरण अभियान, विभिन्‍न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्‍थानीय ग्रामीण करेंगे सहभागिता
     देवास, 25 अप्रैल 2025/ देवास जिले में “जल गंगा संवर्धन अभियान” अंतर्गत क्षिप्रा शुद्धिकरण के लिए वृहद स्तर पर चलाये जा रहे दो माह के विशेष अभियान का शुभारम्‍भ शुक्रवार से किया गया। क्षिप्रा शुद्धिकरण के लिए शुरू किये गये विशेष अभियान के पहले दिन सांसद  महेंद्र सिंह सोलंकी, महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, कलेक्टर  ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक  पुनित गेहलोद,  रायसिंह सेंधव,  दुर्गेश अग्रवाल,  भेरूलाल अटारिया,  बलराम चौधरी,  राजेश यादव,  धर्मेद्र सिंह बेस सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, डीएफओ  अमित सिंह, अपर कलेक्टर  बिहारी सिंह, संयुक्त कलेक्टर  प्रियंका मिमरोट, नगर निगम कमिश्नर  रजनीश कसेरा, जिला अधिकारियों, कर्मचारियों, नगर निगम अमला, सामाजिक संस्थाए, क्षिप्रा बचाओ समिति, पत्रकारगण, नागरिकगण, स्कूलीं बच्चों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने ग्राम क्षिप्रा में क्षिप्रा घाट पर उपस्थित होकर श्रम दान किया।
     क्षिप्रा घाट पर सफाई के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पूजा-अर्चना की। क्षिप्रा शुद्धिकरण के दौरान कलेक्‍टर  ऋतुराज सिंह ने सभी उपस्थितजनों को स्‍वच्‍छता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रख कर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि भी दी।
     इस दौरान कलेक्‍टर  सिंह ने कहा कि देवास क्षिप्रा नदी का पानी लेता है, हम सभी क्षिप्रा नदी पर निर्भर है। हमारा यह दायित्‍व है कि जीवन दायनी क्षिप्रा माता को स्‍वच्‍छ रखें। इसी उद्देश्‍य से दो माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले में जिन ग्रामों से क्षिप्रा नदी गुजरती है, वहां शुद्धिकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। नागरिकों को जागरूक किया जायेगा की क्षिप्रा नदी में गंदगी नहीं करें। क्षिप्रा शुद्धिकरण के लिए विभिन्‍न विभागों का जिम्‍मेदारी भी दी गई है।
     कलेक्‍टर  सिंह ने कहा कि जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान में नदी, तालाब, बावडी, कुएं सहित सभी जल स्रोतों के संरक्षण का कार्य चल रहा है। 30 जून तक चलने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान में जिले में अमृत सरोवरों का भी निर्माण किया जा रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल है, जिसका उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन करना है। इस अभियान में नदियों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जिले में विभिन्न गतिविधियाँ चलाई जा रही है। साथ ही नागरिकों को जल की महत्ता और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
     जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में क्षिप्रा शुद्धिकरण अभियान 21 जून तक चलाया जायेगा। जिसमें जिले के अलग-अगल ग्रामों में प्रतिदिन शासकीय विभागों अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्‍थानीय ग्रामीणों द्वारा सहभागिता कर श्रमदान किया जायेगा। अभियान में 26 से 28 अप्रैल तक नगरीय विकास एवं आवास विभाग, 29 अप्रैल से 01 मई तक जल संसाधन विभाग, 02 मई से 04 मई तक लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी विभाग, 05 से 07 मई तक कृषि विभाग, 08 से 10 मई तक पुलिस विभाग, 11 से 13 मई तक स्‍कूल शिक्षा विभाग, 14 से 16 मई तक जन अभियान परिषद देवास एवं प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना, 17 से 19 मई होमगार्ड, 20 से 22 मई राजस्‍व विभाग,23 से 25 मई ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, 26 से 28 मई वन विभाग, 29 से 31 मई जिला पंचायत देवास, 01 से 03 जून लोक निर्माण विभाग, 4 से 6 जून स्‍वास्‍थ्‍य विभाग, 7 से 9 जून औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्‍साहन एवं सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम विभाग, 10 से 12 महिला एवं बाल विकास, 13 से 15 जून उद्यानिकी विभाग, 16 से 18 जून पर्यावरण एवं संस्‍कृति विभाग तथा 19 से 21 जून तक मत्‍स्‍य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण एवं स्‍थानीय ग्रामीण श्रमदान करेंगे।
     क्षिप्रा शुद्धिकरण अभियान में नगर निगम द्वारा निरीक्षकों एवं दरोगाओं की तैनाती की गई थी। निगम द्वारा जेसीबी, डम्पर एवं ट्रेक्टर ट्राली लगाई गई थी। निगम द्वारा कार्यक्रम मे उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों को हेण्ड ग्लब्‍ज, मास्क, टोपी एवं स्वल्पहार व पीने के पानी की व्यवस्था की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button